Written by , (शिक्षा- एमए इन जर्नलिज्म मीडिया कम्युनिकेशन)

धनिये का उपयोग लगभग हर सब्जी में मसाले के तौर पर किया जाता है। वहीं, इसकी ताजी पत्तियों का इस्तेमाल सब्जियों की गार्निशिंग और स्वाद को बढ़ाने के लिए किया जाता है। खाने का जायका बढ़ाने में धनिये की अहमियत के बारे में आप सब अच्छे से वाकिफ होंगे, लेकिन क्या आप धनिए के पानी के औषधीय गुणों के बारे में जानते हैं? दरअसल, कई शारीरिक समस्याओं के लिए धनिया का पानी पीने की सलाह दी जाती है। आपको जानकर हैरानी होगी कि आयरन की कमी को दूर करने के साथ-साथ कई स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों में धनिया फायदेमंद हो सकता है (1)। इसलिए, स्टाइलक्रेज के इस लेख में हम धनिया के पानी के चमत्कारी फायदों के बारे में जानेंगे। साथ ही धनिये का पानी पीने के नुकसान के बारे में विस्तार से चर्चा करेंगे।

शुरू करते हैं लेख

आर्टिकल की शुरुआत करते हैं सेहत के लिए धनिया का पानी पीने के फायदे के साथ।

धनिया का पानी पीने के फायदे – Dhaniya Ka Pani Peene Ke Fayde in Hindi

धनिया के पानी के फायदे से जुड़े सटीक वैज्ञानिक शोध का अभाव है। नीचे धनिया के फायदे के आधार पर ही धनिया का पानी पीने के फायदे बताए जा रहे हैं। वहीं, इसे किसी भी बीमारी का उपचार न समझा जाए, क्योंकि इसका सेवन समस्या से बचाव और उनके प्रभाव को कुछ हद तक कम करने में मदद कर सकता है। अब पढ़ें आगे :

1. वजन कम करने में मददगार

वजन घटाने के लिए धनिये का पानी पीना गुणकारी माना जा सकता है। दरअसल, धनिये में क्वेरसेटिन नामक तत्व पाया जाता है, जो वजन को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है (2)। इसके अलावा, चूहों पर किए गए एक शोध में भी इस बात की पुष्टि होती है। शोध में चूहों को 21 दिनों तक धनिये का पानी दिया गया, जिसके बाद उनके वजन में कमी देखी गई (3)। इस आधार पर यह कहा जा सकता है कि वजन को नियंत्रित करने के लिए धनिया का पानी मददगार साबित हो सकता है।

2. अपच में सहायक

अपच की समस्या को दूर करने के लिए धनिये के पानी का उपयोग किया जा सकता है। दरअसल, एक एक शोध में साफ तौर से जिक्र मिलता है कि धनिये का बीज अपच की समस्या को ठीक करने में अहम भूमिका निभा सकता है। इसके अलावा, इसमें कार्मिनटिव प्रभाव भी पाया जाता है, जो गैस की समस्या से निजात दिलाने में मदद कर सकता है (4)। इसलिए, यह माना जा सकता है कि धनिये का पानी बदहजमी को दूर करने में सहायक हो सकता है।

3. हृदय स्वास्थ्य के लिए

धनिये का पानी का उपयोग हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए किया जा सकता है। एक शोध के अनुसार, धनिया शरीर में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल (हानिकारक कोलेस्ट्रॉल) और ट्राइग्लिसराइड्स (एक तरह का वसा) को कम कर हार्ट अटैक व स्ट्रोक के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है (5)। बता दें कि कोलेस्ट्रॉल की समस्या को हृदय रोग के मुख्य जोखिम में से एक माना गया है। इस तथ्य को देखते हुए कहा जा सकता है कि धनिया के पानी के फायदे में हृदय को स्वस्थ रखना भी शामिल है।

4. डायबिटीज के लिए

डायबिटीज के मरीजों के लिए धनिया का पानी लाभकारी साबित हो सकता है। दरअसल, धनिये की पत्तियों और बीज में एंटीडायबिटिक गुण होते हैं, जो रक्त में ग्लूकोज की मात्रा को नियंत्रित करने में मदद कर सकते हैं (6)। एक अन्य शोध में डायबिटीज से ग्रसित चूहों को रोजाना धनिया के बीजों से तैयार काढ़ा दिए जाने पर उनमें ग्लूकोज और इंसुलिन के स्तर में सुधार देखा गया (7)। इस प्रकार मधुमेह की परेशानी में धनिया का पानी पीना उपयोगी माना जा सकता है।

5. थायराइड के लिए

थायराइड गले से मौजूद एक ग्रंथि होती है, जो हार्मोन को बनाने का काम करती है। वहीं, इससे जुड़ी समस्या तब उत्पन्न होती है, जब यह ग्रंथि हार्मोन का उत्पादन जरूरत से ज्यादा या कम करती है (8)। वहीं, धनिया का पानी काफी हद तक थायराइड की परेशानी से राहत दिला सकता है। दरअसल, चूहों पर किए गए एक शोध में धनिए के बीज के एंटी थायराइड प्रभाव देखे गए हैं, यानी इसका सेवन थायराइड को नियंत्रित करने का काम कर सकता है (9)। इस आधार पर यह कहना गलत नहीं होगा कि धनिये के बीज का काढ़ा थायराइड की समस्या में उपयोगी साबित हो सकता है।

6. शरीर को डिटॉक्स करने के लिए

डिटॉक्सिफिकेशन शरीर में जमे विषैले पदार्थों को बाहर कर कई बीमारियों से बचाव के साथ वजन को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है (10)। धनिया को प्राकृतिक क्लींजिंग एजेंट के रूप में जाना जाता है। यह शरीर से टॉक्सिक पदार्थों को बाहर निकालने में बेहतर विकल्प साबित हो सकता है (11)। शरीर को डिटॉक्स करने के लिए धनिये के पानी का सेवन किया जा सकता है।

आगे पढ़ें लेख

लेख में आगे हम जानेंगे कि धनिया पानी के फायदे पाने के लिए इसका सेवन कैसे करें।

धनिया का पानी पीने का तरीका

धनिया के पानी को निम्न तरीकों से लिया जा सकता है :

  • धनिया का पानी का रोजाना खाली पेट सेवन किया जा सकता है।
  • धनिया के बीजों को उबालकर चाय के तौर पर भी लिया जा सकता है।
  • धनिया के बीजों के साथ सौंफ और जीरा मिलाकर डिटॉक्स ड्रिंक भी बना सकते हैं।

कितनी मात्रा में पीना चाहिए :

माना जाता है कि रोजाना सुबह खाली पेट 1 कप धनिया का पानी पी सकते हैं। इस बारे में सटीक वैज्ञानिक शोध का अभाव है। बेहतर होगा इसके लिए चिकित्सक से संपर्क करें।

आगे बढ़ते हैं

धनिया का पानी बनाने का तरीका नीचे बताया गया है।

धनिया का पानी बनाने की विधि

धनिया का पानी बनाने का तरीका बहुत ही आसान है। नीचे जानिए धनिया का पानी कैसे बनाते हैं।

प्रक्रिया नंबर-1

सामग्री : 

  • 2 चम्मच धनिया के बीज
  • 1 गिलास पानी

बनाने की विधि : 

  • धनिये के बीज को पानी में रातभर के लिए भिगोकर रख दें।
  • अगले दिन सुबह पानी को छान लें।
  • धनिया का पानी बनकर तैयार है।
  • सुबह उठकर खाली पेट इसका सेवन किया जा सकता है।

प्रक्रिया नंबर-2

सामग्री :  

  • 1 चम्मच धनिया के बीज
  • 1 गिलास पानी

बनाने की विधि : 

  • सबसे पहले पानी को उबलने रख दें।
  • उबलते पानी में धनिया के बीज डालें।
  • दो से तीन मिनट बाद इसे उतार लें।
  • 15 मिनट के लिए इसे ठंडा होने रख दें। इस दौरान बीजों के पानी में ही भीगे रहने दें।
  • फिर इसे छानकर पी लें।

स्क्रॉल करें

लेख के अंत में धनिया का पानी पीने के नुकसान भी जान लेते हैं।

धनिया का पानी पीने के नुकसान – Side Effects of Drinking Coriander Seed Water In Hindi

कुछ मामलों में धनिया का पानी नुकसान का कारण बन सकता है। नीचे पढ़ें धनिया का पानी पीने के नुकसान के बारे में :

  • लेख में ऊपर बताया गया है कि धनिया का पानी ब्लड शुगर को कम कर सकता है (6)। ऐसे में लो ब्लड शुगर की समस्या से ग्रसित लोग इससे दूरी बनाकर रखें, क्योंकि इसका अत्यधिक सेवन ब्लड शुगर को और भी कम कर सकता है।
  • धनिये के बीज में ड्यूरेटिक (मूत्रवर्धक) प्रभाव होता है। इसलिए, अत्यधिक मात्रा में इसका पानी पीने से बार-बार यूरिन पास करने की समस्या हो सकती है (12)।
  • एक शोध के अनुसार, जो लोग मगवोर्ट एलर्जी (मगवोर्ट पौधों से होने वाली एलर्जी) से ग्रसित हैं, उन्हें धनिया के बीज से एलर्जी की शिकायत हो सकती है (13)।

धनिया पानी के लाभ जानने के बाद आप इसे अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। ध्यान रखें, अधिक मात्रा में इसे लेने से स्वास्थ्य को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए, लेख में धनिया के पानी के उपयोग करने के तरीके और धनिया का पानी पीने के नुकसान को अच्छी तरह से समझ लें। अगर कोई गंभीर समस्या से जूझ रहा है, तो इसको लेने से पहले एक बार चिकित्सक से सलाह लेना जरूरी है। उम्मीद करते हैं कि इस लेख में दी गई सभी जानकारी आपके काम आएगी। इसी तरह की जानकारी पाने के लिए आप हमारे अन्य आर्टिकल पढ़ सकते हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल :

क्या रोजाना धनिया का पानी पी सकते हैं?

हां, सीमित मात्रा में रोजाना धनिये के पानी का सेवन किया जा सकता है। वहीं, जैसा कि हमने ऊपर बताया कि सीधे तौर धनिया पानी के फायदे से जुड़े वैज्ञानिक शोध का अभाव है, इसलिए एक बार डॉक्टरी सलाह जरूर लें।

क्या वजन कम करने के लिए धनिया का पानी फायदेमंद है?

हां, धनिया का पानी वजन घटाने में मदद कर सकता है। यह कैसे वजन कम करने में मदद कर सकता है, लेख में ऊपर इसकी जानकारी दी गई है।

क्या किडनी के लिए धनिया के बीज का पानी पीना अच्छा होता है?

हां, किडनी के लिए धनिया के बीज का पानी लाभकारी हो सकता है। दरअसल, एक शोध में जिक्र मिलता है कि किडनी से जुड़ी कई समस्याओं में धनिये को बतौर हर्बल दवा के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है (14)। इस आधार पर धनिया का पानी किडनी के लिए लाभदायक हो सकता है।

Sources

Articles on StyleCraze are backed by verified information from peer-reviewed and academic research papers, reputed organizations, research institutions, and medical associations to ensure accuracy and relevance. Read our editorial policy to learn more.

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown
The following two tabs change content below.

ताज़े आलेख