Written by , (शिक्षा- एमए इन मास कम्युनिकेशन)

सुंदरता को कई पैमानों में मापा जाता है और लंबाई उन्हीं में से एक है। लड़का हो या लड़की हर कोई लंबी हाइट चाहता है। भारत में महिलाओं की औसतन लंबाई 152 सेमी और पुरुषों की 165 सेमी मानी गई है (1)। जहां लड़कों की हाइट करीब 25 वर्ष तक बढ़ सकती है, वहीं लड़कियों की हाइट करीब 21 वर्ष तक बढ़ सकती है। इसके बाद हाइट ग्रोथ हार्मोन कम होने लगते हैं। इस बार हमारे लेख का विषय भी यही है कि हाइट कैसे बढ़ाएं। अब प्रश्न आता है कि लंबाई कैसे बढ़ाएं? क्या इसके लिए कोई प्राकृतिक तरीका है, तो उसका जवाब हां है। इस लेख के जरिए हम लंबा होने के तरीके (lamba hone ka tarika) बताएंगे और इससे जुड़ी हर प्रकार की जानकारी देंगे। वहीं, अगर हाइट किसी गंभीर बीमारी के कारण नहीं बढ़ रही है, तो उस अवस्था में डॉक्टर से चेकअप जरूर करवाना चाहिए।

लंबाई को प्रभावित करने वाले कारण – Factors Affecting Height in Hindi

आपका कद छोटा होगा या बड़ा, यह दो मुख्य कारणों पर निर्भर करता है – आनुवंशिक और गैर-आनुवंशिक।

आनुवंशिक : हमारी लंबाई कुछ हद तक जीन्स पर निर्भर करती है। अगर किसी के परिजनों का कद छोटा है, तो हो सकता है कि उनके बच्चों का कद भी छोटा हो। हालांकि, ऐसा हर केस में नहीं होता, लेकिन ऐसा होने की आशंका ज्यादा रहती है। हमें यह तो मानना ही होगा कि आनुवंशिक फैक्टर हमारे हाथ में नहीं होता। ऐसा पाया गया है कि कद में 60-70 प्रतिशत का अंतर आनुवंशिक ही होता है (2)।

अनुमानित कद को कुछ इस तरह से मापा जा सकता है :

  • आप इंच में या सेंटीमीटर में अपने माता-पिता की हाइट को जोड़ लें।
  • अगर आप पुरुष हैं, तो उसमें पांच इंच जोड़ दें और अगर महिला हैं, तो पांच इंच घटा दें।
  • अब जो भी नंबर आएगा, उसे दो से विभाजित कर दें।
  • इसके बाद जो आंकड़ा आएगा वो आपकी अनुमानित हाइट हो सकती है। इसमें से चार इंच कम या ज्यादा हो सकते हैं।

गैर-आनुवंशिक : गैर-आनुवंशिक फैक्टर कई तरह के हो सकते हैं, जो कद को बढ़ने से रोकते हैं।

  • भोजन में पौष्टिक तत्वों की कमी।
  • शारीरिक गतिविधियों से परहेज करना।
  • उठते, बैठते व चलते-फिरते समय सही पोश्चर पर ध्यान न देना।
  • बचपन में किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त होना।
  • किशोरावस्था में मानसिक रूप से अस्वस्थ होना।
  • हम कहां रह रहे हैं और वहां का वातावरण कैसा है, यह भी बढ़ते कद पर असर डाल सकता है।
  • थायरॉयड हार्मोंस व ग्रोथ हार्मोंस में कमी भी बढ़ते कद पर असर डाल सकती है (3)।
  • कम उम्र में ही जिम जाकर वजन उठाने से भी हाइट रुक जाती है।

नोट : बेशक, आनुवंशिक फैक्टर पर किसी का नियंत्रण नहीं हो सकता, लेकिन बच्चे को शुरू से ही संतुलित व अच्छी लाइफस्टाइल देकर गैर-आनुवंशिक फैक्टर के असर को रोका जा सकता है।

अब आप पूछेंगे कि हाइट कैसे बढ़ाएं, तो आगे हम लंबाई बढ़ाने के लिए क्या करना चाहिए यह बता रहे हैं।

लंबाई (हाइट) बढ़ाने के प्राकृतिक तरीके – How to Increase Height Naturally in Hindi

1. खानपान

लंबाई बढ़ाने का आसान तरीका है पोषक और संतुलित खानपान। स्वस्थ रहने के लिए संतुलित खानपान सबसे ज्यादा जरूरी है। इससे हमारे शरीर को सभी पोषक तत्व मिलते हैं। अगर आप अच्छी हाइट चाहते हैं, तो जंक फूड से दूर रहें। साथ ही कार्बोनेट युक्त पेय पदार्थों, वसा युक्त खाद्य पदार्थों व अत्यधिक मीठी चीजों से परहेज करें। ये सभी हमारे शरीर पर बुरा प्रभाव डालते हैं। संतुलित व स्वस्थ विकास के लिए हमें विटामिन्स व मिनरल्स युक्त पदार्थों का सेवन करना चाहिए। यहां हम कुछ ऐसे ही खाद्य पदार्थों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें खाने से अच्छी सेहत व लंबा कद हासिल किया जा सकता है।

  • शरीर में हार्मोंस के विकास के लिए विटामिन-डी और प्रोटीन की खास जरूरत होती है। इनसे हमारे दांत व हड्डियां ठीक से विकसित होती हैं (4)। पनीर, फलियां, सोयाबीन, बिना चर्बी के मांस व सफेद अंडे आदि में आपको ये सभी तत्व मिल जाएंगे। इन खाद्य पदार्थों को अपने रोजमर्रा के भोजन में जरूर शामिल करें।
  • जिंक युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करने से भी फायदा होता है। खासकर बच्चों के विकास में जिंक अहम रोल अदा करता है (5)। चॉकलेट, अंडे, ऑइस्टर (एक प्रकार की मछली) और मूंगफली में जिंक प्रचुर मात्रा में पाया जाता है।
    हरी सब्जियों व डेयरी उत्पादों में पर्याप्त कैल्शियम पाया जाता है। शारीरिक विकास व हड्डियों के लिए कैल्शियम को जरूरी माना गया है (6)। महिलाओं को तो इसकी सबसे ज्यादा जरूरत होती है।
  • शरीर के संतुलित विकास के लिए मैग्नीशियम, फास्फोरस, कार्बोहाइड्रेस व अन्य विटामिन्स का सेवन करना भी जरूरी है। खानपान के साथ सीमित मात्रा में सप्लीमेंट्स भी लिए जा सकते हैं। इनके सेवन से भी जरूरी पोषक तत्वों की पूर्ति होती है।
  • हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि अगर हमारा मेटाबॉलिज्म सिस्टम ठीक नहीं है, तो कुछ भी खाएं-पिएं, उसका असर शरीर पर नहीं होगा। इसलिए, एक बार में ज्यादा खाने से अच्छा है, दिनभर में थोड़ा-थोड़ा और पांच से छह बार में खाया जाए। इससे मेटाबॉलिक स्तर अच्छा होगा और भोजन आसानी से पच जाएगा। परिणामस्वरूप शरीर में चर्बी जमा नहीं होगी और हाइट बढ़ने में भी कोई दिक्कत नहीं आएगी।

2. व्यायाम व खेलकूद

  • लंबा होने के तरीके में से एक खुद को शारीरिक रूप से सेहतमंद रखना भी है। यह हाइट बढ़ाने का तरीका प्राकृतिक है। इसके लिए आपको नियमित रूप से व्यायाम करना चाहिए। जब आप इस तरह की शारीरिक गतिविधियों में शामिल होते हैं, तो शरीर को और पोषक तत्वों की जरूरत पड़ती है। इससे हाइट बढ़ाने में मददगार हार्मोंस एक्टिव हो जाते हैं।
  • एरोबिक्स, टेनिस, क्रिकेट, फुटबॉल व बास्केटबॉल जैसे खेल खेलने से शरीर एक्टिव होता है और विकास अच्छे से होता है। स्पेनिश अध्ययन के अनुसार, शारीरिक गतिविधियों व हड्डियों के विकास में सीधा संबंध है। जब हम इस तरह के खेल खेलते हैं, तो हमारी मांसपेशियां भी मजबूत होती हैं, जो हाइट बढ़ाने में सहायता करती हैं। इसलिए, हाइट बढ़ाने के तरीकों में व्यायाम व खेलकूद को बेहतर लंबाई बढ़ाने का उपाय माना जा सकता है (7)।
  • ऐसा माना जाता है कि स्वीमिंग से बेहतर और कोई शारीरिक गतिविधि नहीं है। स्वीमिंग करते समय शरीर के सभी अंग काम करते हैं और मांसपेशियां मजबूत होती हैं। इसलिए, अगर बच्चे को शुरू से ही स्वीमिंग सिखानी शुरू कर दी जाए, तो हाइट पर अच्छा असर पड़ सकता है (8)।
  • लंबाई बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार की स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज को आजमाया जा सकता है। अगर आप प्रतिदिन करीब 15 मिनट भी ये एक्सरसाइज करते हैं, तो काफी है।
  • इनके अलावा, हाइट बढ़ाने का सबसे कारगर तरीका लटकना है। हालांकि, शुरुआत में कुछ परेशानी हो सकती है, लेकिन प्रतिदिन अभ्यास करने से इसे करना आसान हो जाएगा। आप इसकी शुरुआत करीब 15 सेकंड से करें और धीरे-धीरे इसे पांच मिनट तक ले जाएं।

3. योगाभ्यास

भारतीय संस्कृति में योगाभ्यास का महत्व माना गया है। कहा जाता है कि योगाभ्यास से किसी भी तरह की बीमारी या समस्या को ठीक किया जा सकता है। उसी प्रकार हाइट कैसे बढ़ाएं, इसके लिए योग का सहारा लिया जा सकता है। इसे करना बेहद आसान है। लंबाई बढ़ाने के लिए कुछ विशेष योगासन हैं, जो हाइट बढ़ाने वाले हार्मोंस को एक्टिव कर देते हैं। त्रिकोणासन, भुजंगासन, सुखासन, वृक्षासन, नटराजासन, मार्जरी आसन व सूर्य नमस्कार करने से मांसपेशियां मजबूत होती हैं और शरीर का पोश्चर सही आकार में आ जाता है (9)।

4. भरपूर नींद

शरीर के संपूर्ण विकास के लिए संतुलित भोजन, योगाभ्यास व व्यायाम के साथ-साथ भरपूर नींद भी जरूरी है। ऐसा माना जाता है कि जब हम गहरी नींद में होते हैं, तो उस समय हमारे शरीर में ह्यूमन ग्रोथ हार्मोन प्राकृतिक तरीके से उत्पन्न होते हैं। वहीं, अच्छी लंबाई पाने के लिए बच्चों के लिए हर रात 8-11 घंटे की नींद लेना जरूरी माना गया है। यहां एक ध्यान देने वाली बात है कि चाहे बच्चे हों या वयस्क, सभी को एक शांत वातावरण में सोना चाहिए, ताकि पर्याप्त नींद मिल सके। इससे शरीर को पूरी तरह से आराम मिलता है और अच्छे टिशु का निर्माण होता है। इसलिए, नींद लंबा होने का उम्दा तरीका है। यहां हम बेहतर नींद लेने के लिए कुछ जरूरी टिप्स दे रहे हैं।

  • अगर आप सोने से पहले हल्के गुनगुने पानी से स्नान करें, तो इससे अच्छी नींद आ सकती है।
  • आप रात को सोने से पहले एक कप कैमोमाइल चाय पी सकते हैं। इसे पीने से आपको गहरी नींद में जाने में समय नहीं लगेगा (10)।

5. सही पोश्चर

लंबा होने के उपाय में शरीर के पोश्चर का भी अहम योगदान होता है। इसलिए, बच्चों को शुरू से ही सही मुद्रा में उठना, बैठना व चलना सिखाना चाहिए। न सिर्फ बच्चे, बल्कि हर किसी का पोश्चर सही होना चाहिए। इससे आप न सिर्फ लंबे नजर आएंगे, बल्कि सुंदर व आत्मविश्वास से भरे भी दिखेंगे। यहां हम बता रहे हैं कि आप किस तरह अपने पोश्चर को ठीक रख सकते हैं।

  • आप हमेशा कुर्सी पर सीधे बैठें, कंधे सीधे और ठोड़ ऊपर की ओर होनी चाहिए।
  • कभी झुक कर न चलें, हमेशा कमर सीधी होनी चाहिए। अगर रीढ़ की हड्डी सीधी हो और कमर मजबूत हो, तो लंबाई बढ़ने में आसानी होती है।
  • कोशिश करें कि आपकी गर्दन व सिर किसी एक तरफ मुड़ा या झुका हुआ न हो।
  • हमेशा अच्छी क्वॉलिटी का तकिया व गद्दे का इस्तेमाल करें, ताकि रीढ़ की हड्डी की शेप खराब न हो जाए।
  • ध्यान रहे कि चलते समय आपके कंधे स्थिर मुद्रा में न रहें। साथ ही कंधे एक तरफ झुके या मुड़े हुए न हों।

6. रोग प्रतिरोधक प्रणाली

अक्सर बच्चों को कुछ ऐसी बीमारियां हो जाती हैं, जिससे उनका शारीरिक विकास प्रभावित होता है। अमूमन ऐसा रोग प्रतिरोधक प्रणाली के सही प्रकार से काम न करने से होता है। इसलिए, जरूरी है कि बच्चों को पौष्टिकता से भरपूर भोजन खाने को दिया जाए और जंक फूड से दूर रखना चाहिए। अगर आप अच्छा खाते हैं, तो आपका इम्यून सिस्टम भी अच्छा होगा। इसके लिए भोजन में ताजे फल-सब्जियां, फलियां व पौष्टिक अनाज को शामिल करना चाहिए। इनमें प्रचुर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट व ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जो अच्छी सेहत, विकास व इम्यून सिस्टम के लिए जरूरी है (11) (12)। हाइट बढ़ाने के तरीके में यह भी अहम है।

7. शराब व तंबाकू को कहें न

शराब, तंबाकू व धूम्रपान का सेवन करना किसी भी लिहाज से ठीक नहीं है। इसका सेवन करने से इम्यून सिस्टम गड़बड़ा जाता है और पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ता है। शराब का सेवन करने से मांसपेशियां ठीक से विकसित नहीं हो पाती हैं और शरीर को पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन भी नहीं मिल पाता। साथ ही ग्रोथ हार्मोंस भी प्रभावित होते हैं। जैसा कि हमने इस लेख में पहले भी बताया है कि सोते समय प्राकृतिक रूप से ग्रोथ हार्मोंस का निर्माण होता है, लेकिन शराब का सेवन करने से ये हार्मोंस विकसित नहीं हो पाते। परिणामस्वरूप शरीर का विकास ठीक तरह से नहीं हो पाता (13)। अब अगली बार कोई आपसे यह पूछे कि लंबाई कैसे बढ़ाएं, तो उसे इन सभी उपायों के बारे में जरूर बताना।

लंबा होने के उपाय के तौर पर हम आगे कुछ अन्य टिप्स दे रहे हैं।

हाइट बढ़ाने के कुछ और उपाय – Other Tips to Increase Height in Hindi

यहां हम हाइट बढ़ाने के अन्य टिप्स का जिक्र कर रहे हैं, जो बेशक सुनने व पढ़ने में आपको कुछ अनोखे लगें, लेकिन हैं बड़े काम के। इन्हें एक बार आजमा कर देखिए, यकीन मानिए, आपको जरूर फायदा होगा।

विटामिन-डी : सूर्य की रोशनी को विटामिन-डी का सबसे बेहतर स्रोत माना गया है। सूरज से तीन तरह की पराबैंगनी किरणें निकलती हैं, जिन्हें हम अल्ट्रावायलेट ए, बी और सी के नाम से जानते हैं। इनमें से अल्ट्रावायलेट बी को हमारे के लिए अच्छा माना गया है। वैज्ञानिक कहते हैं कि दिन के समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक अल्ट्रावायलेट बी का असर सबसे ज्यादा होता है। इस दौरान थोड़ी देर धूप में घूमने से शरीर को पर्याप्त विटामिन-डी मिलता है, जो शारीरिक विकास में मदद करता है (14)।

पानी : अभी तक आप यही सोचते होंगे कि पानी से प्यास बुझती है और हमें हाइड्रेट रखता है, लेकिन शायद आप यह नहीं जानते कि शारीरिक विकास के लिए पानी बहुत जरूरी है। पानी से न सिर्फ हमे भरपूर पोषण मिलता है, बल्कि शरीर के तमाम अंग ठीक से काम कर पाते हैं। स्किन, दांत, हड्डियों, जोड़ों, मस्तिष्क व पाचन तंत्र हर किसी के लिए पानी की जरूरत है। पानी हड्डियों को मजबूत करता, ताकि वो ठीक से विकसित हो सकें और जोड़ों को मजबूत करता है, ताकि बढ़ती उम्र के साथ वो ठीक से काम करते रहें। इसलिए, अब जब भी पानी पिएं, तो इन सभी बातों को जरूर ध्यान में रखें।

तनाव से बचें : लंबाई कैसे बढ़ाएं, इसका सीधा और स्पष्ट जवाब है तनाव से मुक्ति। लगभग हर समस्या की जड़ तनाव होता है। इससे जितना दूर रहा जाए, उतना ही अच्छा है। कहा भी जाता है कि चिंता चिता समान है। हमारे तनावग्रस्त रहने से शरीर में हार्मोंस बुरी तरह से प्रभावित होते हैं। ग्रोथ हार्मोन भी उन्हीं में से एक है (15)। इसलिए, तनाव में रहने की जगह हमेशा आत्मविश्वास से भरे हुए नजर आएं। जब आप सकारात्मक ऊर्जा से भरे होते हैं, तो हार्मोंस बेहतर तरीके से काम करते हैं और शरीर का पोश्चर भी सही रहता है।

शू लिफ्ट्स का करें प्रयोग : आपको यह तरीका अटपटा लग सकता है, लेकिन अगर फिल्मों में एक्टर हाइट बढ़ाने के लिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं, तो आप क्यों नहीं। हालांकि, यह स्थाई समाधान नहीं है, लेकिन रोजमर्रा की जिंदगी में कुछ इंच हाइट बढ़ाने के लिए इसे प्रयोग में लाया जा सकता है।

कपड़े बढ़ाएंगे हाइट : इसमें कोई शक नहीं कि कुछ कपड़े और रंग ऐसे होते हैं, जिन्हें पहने से हमारी हाइट थोड़ी लंबी नजर आती है। कम कद के लोगों को हल्के या हल्के गहरे रंग के कपड़े पहनने चाहिए। कोशिश करें कि आप जो भी कपड़े पहनें, वो एक जैसे रंग या मिलते-जुलते हों। जैसे अगर पैंट-शर्ट पहन रहे हैं, तो उनका लगभग ऐसा जैसा हो। कपड़ों के रंग अलग-अलग होने से शरीर दो हिस्सों में बंटा नजर आता है और हाइट कम लगती है। इसके अलावा, हो सके तो डिजाइन भी एक जैसा होना चाहिए। साथ ही ये कपड़े ढीले-ढाले न होकर फिटिंग वाले होने चाहिए। ऐसा करने से हाइट कुछ लंबी नजर आ सकती है। वहीं, कम हाइट की लड़कियों को थोड़ा लंबा दिखने के लिए बाल छोटे रखने चाहिए।

तय समय पर भोजन : अक्सर लोग खाने-पीने का नियम नहीं बनाते। उन्हें जब भी भूख लगती है, कुछ भी खा लेते हैं। अगर आप अपनी हाइट बढ़ाना चाहते हैं, तो निश्चित समय पर खाना खाएं और संतुलित भोजन करें। आपको हाइट बढ़ाने के लिए क्या खाना चाहिए, इस बारे में हमने ऊपर लेख में विस्तार से जिक्र किया है।

दवाइयों से परहेज : बाजार में ऐसी कई दवाइयां व स्टेरॉयड मौजूद हैं, जो तेजी से कद बढ़ाने का दवा करते हैं, लेकिन इन पर भरोसा करना ठीक नहीं है। इन्हें लेने से लंबाई बढ़ती है या नहीं, यह कहना तो मुश्किल है, लेकिन सेहत जरूर खराब हो जाती है।

अब तो आप जान ही गए होंगे कि हाइट बढ़ाना कोई मुश्किल काम नहीं है। बस जरूरत है तो छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देने कि और अपनी दिनचर्या को बेहतर व संतुलित बनाने की। तो देर किस बात की, यहां बताए गए नुस्खों को आजमाएं और दूसरों की तरह अपनी भी हाइट बढ़ाएं। अब अगर आपसे कोई पूछे कि लंबा होने के उपाय क्या हैं, तो उसे यह लेख जरूर पढ़ने के लिए कहें। साथ ही यहां नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स के जरिए हमें बताएं कि इस लेख में दिए गए उपायों से आपको कितना लाभ हुआ।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

 मैं 18 की उम्र में लंबाई कैसे बढ़ा सकता हूं?

 जैसा कि आपको लेख की शुरुआत में ही बताया जा चुका है कि लड़कों का कद 25 साल और लड़कियों का कद 21 साल तक बढ़ सकता है। इसलिए, लेख में दिए गए लंबाई बढ़ाने के तरीकों और सही खानपान को अपना कर 18 की उम्र में हाइट बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

क्या कूदने से लंबाई बढ़ती है?

 जैसा कि आपको लेख में पहले ही बताया गया है कि खेलकूद और शारीरिक व्यायाम लंबाई को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है। वहीं, रस्सी कूदने के प्रभाव को जांचने के लिए किए शोध में माना गया है कि यह प्रक्रिया बोन मिनरल डेंसिटी यानी हड्डियों की मजबूती को बढ़ाने में मदद कर सकती है (16)। इस आधार पर यह माना जा सकता है कि लंबाई बढ़ाने के लिए किए जाने वाले व्यायाम और खेलकूद में रस्सी कूदना भी शामिल किया जा सकता है।

और पढ़े:

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown
The following two tabs change content below.

ताज़े आलेख