शरीर को ठंडा रखने के लिए क्या खाएं – Sharir Ko Thanda Rakhne Ke Liye Kya Khaye

Written by , MA (Mass Communication) Anuj Joshi MA (Mass Communication)
 • 
 

गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा रखने और निर्जलीकरण से बचने के लिए लोग कुछ-न-कुछ उपाय जरूर करते रहते हैं। खासकर, खान-पान की चीजों पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है। इस दौरान शरीर को तरोताजा और शीतलता देने वाले खाद्य पदार्थों की मांग और उपयोग बढ़ जाती है। गर्मी के इसी मौसम को देखते हुए स्टाइलक्रेज बॉडी को ठंडा रखने के लिए क्या खाना चाहिए, यह जानकारी लेकर आया है। यहां शरीर को ठंडा रखने वाले खाद्य पदार्थों के साथ ही परहेज करने वाली चीजों की भी जानकारी दी गई है।

स्क्रॉल करें

सबसे पहले हम बता रहे हैं कि शरीर को ठंडा रखने के लिए क्या खाना चाहिए।

शरीर को ठंडा रखने के लिए क्या खाएं – Foods Reduce Body Heat in Hindi

गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडा रखने के लिए किन-किन खाद्य पदार्थों का सेवन किया जा सकता है, यह  हम क्रमवार नीचे बता रहे हैं। इनके साथ ही शरीर को ठंडा रखने के लिए क्या नहीं खाना चाहिए, इसकी जानकारी भी आपको आगे मिलेगी। चलिए, पहले शरीर को ठंडा रखने के लिए क्या खाना चाहिए, इस पर गौर करते हैं।

 1. कटहल

शरीर को ठंडा रखने के लिए कटहल का सेवन करना एक बेहतरीन उपाय हो सकता है। एक रिसर्च के अनुसार, कटहल के गूदे और बीज में कूलिंग प्रभाव होता है, जो शरीर को ठंडा रखने में मददगार हो सकता है (1)। साथ ही 100 ग्राम कटहल में 73.5 ग्राम पानी की मात्रा होता है (2)। इस कारण यह शरीर को रिहाइड्रेट करने में भी मदद कर सकता है।

यही नहीं, कटहल में फाइबर, प्रोटीन, पोटेशियम, विटामिन बी, विटामिन सी और कई अन्य पोषक तत्व भी होते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं (3)। इस आधार पर कहा जा सकता है कि शरीर को शीतलता देने के साथ ही कटहल स्वास्थ्य को बनाए रखने में भी मददगार साबित हो सकता है ।

 2. तरबूज

तरबूज का सेवन भी शरीर को ठंडा रखने के लिए और पानी की कमी को पूरा करने के लिए किया जा सकता है। दरअसल, तरबूज में पानी की अधिकता होती है, इसलिए यह शरीर को हाइड्रेट रखता है। खासकर, गर्मियों के दौरान निर्जलीकरण की समस्या ज्यादा होती है, इसलिए डॉक्टर भी तरबूज का जूस पीने की सलाह देते हैं। यह शरीर को रिहाइड्रेट करने के साथ ही पेट को ठंडा रख सकता है (4)

3. खीरा

खीरे का उपयोग शरीर को ठंडा रखने के लिए किया जा सकता है। खीरे के फायदे से जुड़े एक शोध में बताया गया है कि खीरे में 95% पानी होता है। ऐसे में इसका सेवन करने से शरीर को पानी की कमी से बचाने और हाइड्रेट रखने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा, इसका सेवन पाचन क्रिया के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है (5)

4. सत्तू से बना पेय

भारत में सत्तू का सेवन भी कई स्थानों पर बड़े चाव से किया जाता है। दरअसल, सत्तू एक प्रकार का आटा है, जिसे भुने हुए चने, मक्का और बाजरा को पीसकर तैयार किया जाता है। सत्तू घोल बनाने के लिए सत्तू की कुछ मात्रा को आवश्यकतानुसार पानी में घोला जाता है और बाकी सामग्री (प्याज, हरी मिर्च, नमक, धनिया और नींबू का रस) को मिलाया जाता है।

गर्मी के दौरान इसका सेवन न सिर्फ शरीर को ठंडा रखने का काम करता है,बल्कि शरीर को पौष्टिक भी दे सकता है। इससे जुड़ी एक रिपोर्ट से जानकारी मिलती है कि सत्तू की चिल्ड (ठंडा) ड्रिंक दस्त की समस्या में लाभदायक हो सकती है और शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने में मददगार हो सकती है (6)

 5. केला

केले के फायदे शरीर को स्वस्थ रखने में देखे जा सकते हैं। इसके अलावा, यह शरीर को ठंडा रखने में भी मददगार हो सकता है। एक अध्ययन के मुताबिक केले में 70–79 प्रतिशत तक पानी होता है, जो शरीर को डिहाइड्रेशन की समस्या से बचाने के साथ ही ठंडा रखने में भी मददगार साबित हो सकता है (7)

 6. हरी पत्तेदार सब्जियां

हरी पत्तेदार सब्जियों का उपयोग भी शरीर को ठंडा रखने के लिए किया जा सकता है। इसके लिए इन्हें सलाद, सूप या सब्जी के रूप में खा सकते हैं। इनमें मौजूद पानी से डिहाइड्रेशन के साथ ही हाइपरथर्मिया यानी शरीर की गर्मी को कम करने में मदद मिल सकती है। ये विटामिन, मिनरल्स और फाइबर के भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं, जो शरीर को सेहतमंद बना सकते हैं  (8)

7. अंगूर

अंगूर का सेवन कई प्रकार से किया जाता है। कोई इसे सीधा खाना पसंद करता है और कुछ लोग इसका रस पीना। अंगूर में विटामिन्स और मिनरल्स भी भरपूर होते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं (9)। जहां तक इसके शरीर को ठंडा रखने वाले प्रभाव की बात है, तो इसमें 80 से 89 प्रतिशत तक पानी होता है। यह पानी शरीर को हाइड्रेट करने के साथ ही ठंडा रख सकता है (7)

8. मेथी

मेथी का उपयोग सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व इसे शरीर के लिए लाभदायक भी बनाते हैं। इसके अलावा, यह शरीर को ठंडा रखने में भी मददगार हो सकती है। दरअसल, मेथी के बीज में कूलिंग प्रभाव होता है, जिसके कारण चेचक के रोगियों को शीतल पेय के रूप में बीजों का अर्क दिया जाता है (10)। इस आधार पर कहा जा सकता है कि शरीर को ठंडा रखने के लिए मेथी का उपयोग लाभकारी साबित हो सकता है।

9. मिर्च

स्वाद में तीखी और सब्जियों में तड़का लगाने वाली मिर्च भी शरीर को ठंडा करने में असरदार साबित हो सकती है। एक शोध के अनुसार, मसालेदार भोजन का सेवन शरीर की गर्मी को निकालता है। इन मसालेदार खाने में मिर्च भी शामिल है, जिसके कारण पसीना आता है। यह पसीना शरीर को ठंडा रख सकता है। इस आधार पर कहा जा सकता है कि मिर्च भी शरीर को ठंडा रखने में फायदेमंद हो सकती है (11)। फिर भी सावधानी की लिए अधिक मात्रा में मिर्च का सेवन न करें।

10. छाछ

गर्मी के मौसम में छाछ का उपयोग गर्मी से राहत पाने के लिए किया जाता है। एक शोध के अनुसार, छाछ में शीतल प्रभाव यानी कूलिंग इफेक्ट होता है, जिस कारण छाछ शरीर की गर्मी को कम कर सकती है। इसके अलावा, इसमें पाया जाने वाला यह प्रभाव पाचन तंत्र में होने वाली गर्मी को भी कम करने में असरदार माना गया है (12)

11. एलोवेरा

सेहत के साथ ही त्वचा और बालों के लिए उपयोगी एलोवेरा में भी शरीर को ठंडा रखने की क्षमता होती है। एक शोध में पाया गया है कि एलोवेरा जेल में कूलिंग इफेक्ट होता है। यह प्रभाव शरीर को ठंडा रखने के साथ ही त्वचा को मॉइस्चराइज करने में मददगार हो सकता है (13)

12. नारियल पानी

हर मौसम में शरीर को जरूरी पोषक तत्व प्रदान करने वाला नारियल पानी भी शरीर की गर्मी को शांत करने में मददगार हो सकता है। एक रिसर्च से इस बात की पुष्टि होती है कि नारियल का पानी शरीर को ठंडा रख सकता है (14)

13. पिपरमिंट

औषधीय गुणों से भरपूर पिपरमिंट का उपयोग पुराने समय से ही आयुर्वेद में स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं में किया जाता रहा है। इसके अलावा, शरीर को ठंडा रखने में भी पिपरमिंट का उपयोग किया जा सकता है। इसमें पाए जाने वाले मेंथॉल में कूलिंग इफेक्ट होता है। यह प्रभाव शरीर को गर्मी से बचाने के साथ ही ठंडा रखने में असरदार हो सकता है (15)

पढ़ना जारी रखें

लेख के इस भाग में हम बता रहे हैं कि शरीर को ठंडा रखने के लिए क्या नहीं खाना चाहिए।

शरीर को ठंडा रखने के लिए क्या नहीं खाना चाहिए

बॉडी को ठंडा रखने के लिए क्या खाएं, यह तो आपने जान लिया। लेकिन, शरीर को ठंडा रखने के लिए कुछ खाद्य पदार्थों से परहेज करना जरूरी है। यहां हम उनके बारे में बता रहे हैं (16)

  • अल्कोहल
  • कैफीन युक्त खाद्य पदार्थ
  • कार्बोहाइड्रेट युक्त खाद्य
  • वसा युक्त भोजन सामग्री
  • चाय और कॉफी
  • ज्यादा गर्म खाद्य

गर्मी के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचने के लिए शरीर को ठंडा रखना जरूरी है। इसके लिए लेख में बताए गए खाद्य पदार्थों का सेवन किया जा सकता है। बस इनकी मात्रा का ध्यान रखें, क्योंकि अधिक मात्रा में किसी भी चीज का सेवन हानिकारक हो सकता है। साथ ही लेख में बताए गए किसी भी खाद्य पदार्थ से एलर्जी हो, तो उसका सेवन बिल्कुल न करें। इतना ही नहीं, अगर किसी तरह की मेडिकल कंडीशन से गुजर रहे हैं, तो डॉक्टर की सलाह पर इन खाद्य पदार्थों को अपनी डाइट में जगह दें।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

शरीर की गर्मी  में कौन-सा अनाज खाना चाहिए?

शरीर की गर्मी में पानी की अच्छी मात्रा वाला अनाज खाना चाहिए, क्योंकि वो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। इनमें मक्का जैसे अनाज शामिल हैं (7)

शरीर में ज्यादा गर्मी होने से क्या होता है?

शरीर में ज्यादा गर्मी होने पर डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है। इसके होने पर शरीर में पानी की कमी होती है और कमजोरी, उल्टी जैसे कई तरह के लक्षण नजर आते हैं (8)

शरीर की गर्मी में कौन-सा तेल खाना चाहिए?

शरीर की गर्मी में पिपरमिंट तेल की थोड़ी मात्रा का उपयोग किया जा सकता है, क्योंकि इसमें कूलिंग प्रभाव होता है (15)। फिर भी सावधानी के लिए डॉक्टरी परामर्श पर ही इसे उपयोग में लाएं।

References

Articles on StyleCraze are backed by verified information from peer-reviewed and academic research papers, reputed organizations, research institutions, and medical associations to ensure accuracy and relevance. Read our editorial policy to learn more.

  1. Nutritional and Health Benefits of Jackfruit (Artocarpus heterophyllus Lam.): A Review
    https://www.hindawi.com/journals/ijfs/2019/4327183/
  2. Jackfruit, raw
    https://fdc.nal.usda.gov/fdc-app.html#/food-details/174687/nutrients
  3. Influence of pre-drying treatments on physicochemical and organoleptic properties of explosion puff dried jackfruit chips
    https://www.ncbi.nlm.nih.gov/pmc/articles/PMC4837745/
  4. Comparison of Watermelon and Carbohydrate Beverage on Exercise-Induced Alterations in Systemic Inflammation
    Immune Dysfunction
  5. EVALUATING THE POTENTIAL BENEFITS OF CUCUMBERS FOR IMPROVED HEALTH AND SKIN CARE
    https://www.academia.edu/28634174/EVALUATING_THE_POTENTIAL_BENEFITS_OF_CUCUMBERS_FOR_IMPROVED_HEALTH_AND_SKIN_CARE
  6. Health and Nutrition
    http://nairoshni-moma.gov.in/WriteReadData/PdfDocument/635803363173120075.pdf
  7. Water, Hydration and Health
    https://www.ncbi.nlm.nih.gov/pmc/articles/PMC2908954/
  8. Dietary Reference Intakes
    https://www.nal.usda.gov/sites/default/files/fnic_uploads/DRIEssentialGuideNutReq.pdf
  9. Tomatoes, grape, raw
    https://fdc.nal.usda.gov/fdc-app.html#/food-details/321360/nutrients
  10. Hot stuff – do people living in hot climates like their food spicy hot or not?
    https://www.ncbi.nlm.nih.gov/pmc/articles/PMC4861186/
  11. Effects of Buttermilk on Health
    https://www.ijsrm.in/index.php/ijsrm/article/view/892/775
  12. Therapeutic and Medicinal Uses of Aloe vera: A Review
    https://citeseerx.ist.psu.edu/viewdoc/download?doi=10.1.1.934.5690&rep=rep1&type=pdf
  13. TENDER COCONUT WATER – NATURES ELIXIR TO MANKIND
    https://www.recentscientific.com/sites/default/files/download_57.pdf
  14. Cooling Ingredients and Their Mechanism of Action
    https://www.researchgate.net/publication/245023301_Cooling_Ingredients_and_Their_Mechanism_of_Action
  15. Effects of Heat on Appetite
    https://www.ncbi.nlm.nih.gov/books/NBK236229/
Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown
The following two tabs change content below.

ताज़े आलेख