
Image: ShutterStock
व्यस्त जीवनशैली के चलते कई बार हम शरीर पर ठीक तरह से ध्यान नहीं दे पाते हैं। परिणामस्वरूप, शरीर का छोटी-बड़ी शारीरिक समस्याओं की चपेट में आने का जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे में योग एक स्वस्थ विकल्प हो सकता है। यह न सिर्फ जीवनशैली में सुधार कर सकता है, बल्कि बीमारियों से दूर रहने में भी मदद कर सकता है। इसी क्रम में स्टाइलक्रेज के इस लेख में हम एक खास आसन ‘ताड़ासन’ के बारे में बताने जा रहे हैं। इस लेख के जरिए आप जान पाएंगे कि वैकल्पिक रूप से ताड़ासन योग के फायदे क्या-क्या हैं। साथ ही इस लेख में ताड़ासन करने का तरीका भी सरल शब्दों में समझाया गया है। ध्यान रहे कि ताड़ासन के फायदे संतुलित दिनचर्या और संतुलित खानपान के साथ ही प्राप्त हो सकते हैं।
शुरू करते हैं लेख
आइए, सबसे पहले जानते हैं कि ताड़ासन योग क्या है।
विषय सूची
ताड़ासन क्या है – What is Tadasana in hindi
ताड़ासन संस्कृत शब्द ताड़ (पर्वत) के साथ आसन को मिलाकर बना है। ताड़ासन योग को खड़े रह कर करने वाले योगासनों की नींव माना जाता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इस योग को करते समय शरीर पर्वत के समान सीधा और स्थिर रहता है। ताड़ासन रीढ़ की हड्डी को स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है, जिससे बाकी आसन करने में आसानी होती है। यह एक बहुत ही सरल योगासन है, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है (1)।
स्क्रॉल करें
नीचे विस्तार से जानिए ताड़ासन के लाभ।
ताड़ासन करने के फायदे – Benefits of Tadasana (Mountain Pose) in hindi
ताड़ासन योग के बारे में जानने के बाद यहां हम क्रमवार तरीके से इसके फायदे के बारे में बता रहे हैं। वहीं, इस बात का खास ख्याल रखें कि ताड़ासन नीचे बताई गई किसी भी समस्या का इलाज नहीं है। नियमित रूप से इसका अभ्यास कुछ हद तक राहत प्रदान कर सकता है। यदि कोई गंभीर समस्या से ग्रसित है, तो डॉक्टर से संपर्क जरूर करें।
1. मधुमेह के लिए ताड़ासन के लाभ
योग में ऐसे कई योगासन बताए गए हैं, जो मधुमेह में लाभकारी हो सकते हैं। इनमें एक नाम ताड़ासन का भी शामिल है। नेशनल सेंटर ऑफ बायोटेक्नोलॉजी इनफार्मेशन (NCBI) द्वारा प्रकाशित एक शोध में यह बताया गया है कि ताड़ासन ऐसे योगासनों में शामिल है, जो टाइप 2 डायबिटीज को नियंत्रित रखने में मदद कर सकते हैं। यह आसन खून में ग्लूकोज के स्तर को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है (2)। इस प्रकार मधुमेह के मरीजों के लिए ताड़ासन योग के फायदे देखे जा सकते हैं। हालांकि, इस विषय पर अभी और शोध की आवश्यकता है।
2. पोस्चर सुधारने में करे मदद
शरीर का पोस्चर (मुद्रा) सुधारने के लिए रीढ़ की हड्डी को सीधा रखना बहुत जरूरी है। ऐसे में, रीढ़ की हड्डी को स्वस्थ बनाए रखने में ताड़ासन के लाभ देखे जा सकते हैं। जैसा कि ताड़ासन योग के परिचय में हम बता चुके हैं कि इस योगासन को करते समय रीढ़ की हड्डी को बिलकुल सीधा रखा जाता है, जिससे शरीर का पोस्चर बनाए रखने में मदद मिल सकती है। साथ ही, ताड़ासन रीढ़ को सकारात्मक रूप से लचीला और शरीर का संतुलन बनाए रखने में मदद कर सकता है (1) । दरअसल, यह मांसपेशियों में खिंचाव पैदा करता है, जिससे रीढ़ की हड्डी को सीधा रखने में मदद मिलती है (3)।
3. घुटने, जांघ और टखनों को बनाए मजबूत
योगासन पूरे शरीर के लिए लाभदायक हो सकते हैं, लेकिन कुछ योगासन शरीर के कुछ खास अंगों पर काम करते हैं। इसी प्रकार ताड़ासन योग घुटने, जांघ और टखनों पर भी खास तौर से काम कर सकता है। एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी द्वारा किए गए एक शोध में यह पाया गया है कि ताड़ासन के फायदे रीढ़ की हड्डी को सीधा रखने के साथ घुटने, जांघ और टखनों को मजबूत बनाए रखने में भी मदद कर सकते हैं (4)। इन फायदों के पीछे ताड़ासन योग करने के दौरान शरीर पर पड़ने वाला खिंचाव हो सकता है। हालांकि, इस पर अभी और शोध की आवश्यकता है।
4. पाचन में मददगार
ताड़ासन योग की मदद से पाचन की समस्या में मदद मिल सकती है। दरअसल, एक शोध में साफ तौर से जिक्र मिलता है कि नियमित रूप से ताड़ासन पेट की गंदगी को बाहर निकालने में मदद कर सकता है, जिससे पाचन क्रिया में सुधार हो सकता है (4)।
5. पीठ व कूल्हों के दर्द में सहायक
एक शोध के अनुसार, ताड़ासन योग का नियमित अभ्यास पीठ के निचले हिस्से में स्पाइनल नर्व में दबाव के कारण उत्पन्न पीठ, कूल्हों और जांघ में होने वाले दर्द से राहत दिलाने में मदद कर सकता है। साथ ही यह रीढ़ को स्वस्थ रखने में मददगार साबित हो सकता है (1)।
नीचे भी पढ़ें
ताड़ासन योग के फायदे जानने के बाद नीचे जानिए ताड़ासन करने का तरीका।
ताड़ासन योग करने का तरीका – Steps to do Tadasana in Hindi
किसी भी योगासन को गलत तरीके से करने से उसके नुकसान हो सकते हैं। इसलिए, सही तरह से ताड़ासन करने का तरीका नीचे बताया गया है।
- सबसे पहले किसी साफ और खुली जगह का चुनाव करें और योग मैट बिछाएं।
- अब पैर और कमर को सीधा करके योग मैट पर खड़े हो जाएं।
- इस दौरान एड़ियों को एक दूसरे से मिला कर रखें।
- अपने दोनों हाथों को बगल में सीधा रखें।
- अगले चरण में हथेलियों को आपस में फंसाकर ऊपर उठाएं। हथेलियों की दिशा आकाश की तरफ होनी चाहिए।
- अब धीरे-धीरे सांस लेते हुए, पंजों के बल खड़े होते हुए शरीर को ऊपर की ओर खीचें।
- जब शरीर पूरी तरह तन जाए, तो इस मुद्रा में कुछ देर बने रहने की कोशिश करें। साथ ही सामान्य रूप से सांस लेते रहें।
- इस अवस्था में शरीर का पूरा भार पंजों पर होगा।
- फिर सांस को धीरे-धीरे छोड़ते हुए प्रारंभिक अवस्था में आ जाएं।
- इस पूरी प्रक्रिया को लगभग 8 से 10 बार क्षमतानुसार दोहराएं।
नीचे स्क्रॉल करें
पहली बार ताड़ासन योग करने वालों के लिए टिप्स नीचे दिए गए हैं।
शुरुआती लोगों के लिए ताड़ासन करने के टिप्स – Beginner’s Tip to do Tadasana in Hindi
जिन लोगों ने पहले कभी ताड़ासन योग नहीं किया, वो इसे करने का तरीका अपनाते समय नीचे बताई गई बातों का ध्यान रखें।
- शरीर को ऊपर की ओर खींचते समय ज्यादा जोर न लगाएं।
- अगर ताड़ासन योग करते समय अपने शरीर का संतुलन नहीं बना पा रहे हैं, तो अपने पैरों को चिपका कर रखने की जगह कुछ दूर रखें। इससे संतुलन बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
- अगर रोजाना योग नहीं करते हैं, तो इस योग के शुरुआती दिनों में शरीर पर ज्यादा तनाव न डालें।
लेख को अंत तक पढ़ें
ताड़ासन के फायदे और तरीके के बाद जानिए ताड़ासन योग के लिए कुछ सावधानियां।
ताड़ासन योग के लिए कुछ सावधानियां – Precautions for Tadasana In Hindi
अगर नीचे बताई गई समस्याओं से ग्रसित हैं, तो ताड़ासन योग न करें (1)।
- सिर दर्द से परेशान हैं, तो ताड़ासन योग करने से परहेज करना चाहिए।
- अनिद्रा (नींद न आने की समस्या) से ग्रसित लोग ताड़ासन योग न करें।
- निम्न रक्तचाप की समस्या ( Low Blood Pressure) से ग्रसित मरीज इस योग को न करें।
इस लेख के माध्यम से ताड़ासन योग से जुड़ी बातें आपको अच्छी तरह समझ आ गई होंगी। इस योगासन को करते समय इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि ताड़ासन के लाभ आपके शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में मददगार हो सकते हैं, लेकिन यह किसी भी बीमारी का मेडिकल इलाज नहीं है। शारीरिक समस्याओं से पूरी तरह निजात पाने के लिए योग के साथ, सही डॉक्टरी इलाज और संतुलित आहार बहुत जरूरी है। उम्मीद करते हैं आपको हमारा यह लेख पसंद आया होगा। इसी तरह की जानकारी पाने के लिए जुड़े रहें स्टाइलक्रेज के साथ।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल :
क्या ताड़ासन करने से हाइट बढ़ती है?
जानकारों के मुताबिक, बढ़ते बच्चों में हाइट बढ़ाने के लिए किए जाने वाले आसन में ताड़ासन भी एक है। हालांकि, इसे लेकर सटीक वैज्ञानिक शोध का अभाव है।
ताड़ासन के क्या फायदे हैं?
नियमित रूप से ताड़ासन के लाभ कई हो सकते हैं। जैसे यह घुटने, जांघ और टखनों को मजबूत बनाने के साथ तनाव को दूर करने में मदद कर सकता है। इसके साथ ही यह साइटिका के दर्द से भी राहत प्रदान कर सकता है (4)।
ताड़ासन को कितनी बार किया जा सकता है?
शुरुआत में ताड़ासन योग को करते समय शरीर का संतुलन बनाने में दिक्कत आ सकती है। इसलिए, शुरुआत में इसे रोजाना तीन से चार बार तक कर कर सकते हैं। वहीं, धीरे-धीरे कुछ हफ्तों के अभ्यास के बाद आप ताड़ासन को रोजाना आठ से दस बार तक कर सकते हैं।
Sources
Stylecraze has strict sourcing guidelines and relies on peer-reviewed studies, academic research institutions, and medical associations. We avoid using tertiary references. You can learn more about how we ensure our content is accurate and current by reading our editorial policy.
- Benefits of Tadasana, Zhan Zhuang and Other Standing Meditation Techniques
https://www.academia.edu/39926090/Benefits_of_Tadasana_Zhan_Zhuang_and_Other_Standing_Meditation_Techniques - The beneficial effect of yoga in diabetes
https://pubmed.ncbi.nlm.nih.gov/16519085/ - Anatomical Correlation of Core Muscle Activation in Different Yogic Postures
https://www.ncbi.nlm.nih.gov/pmc/articles/PMC5433114/?report=classic - Yoga Asanas for Backache
https://juniperpublishers.com/jyp/pdf/JYP.MS.ID.555708.pdf
और पढ़े: